29 जून को भारतीय नौसेना ने मानवता और समुद्री सुरक्षा का एक बार फिर बेहतरीन उदाहरण पेश किया। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैरा तट से लगभग 80 नॉटिकल मील दूर समुद्र में जब एक विदेशी ऑयल टैंकर ‘MT Yi Cheng 6’ में आग लग गई, तब उस पर सवार 14 भारतीय क्रू मेंबर्स की जान खतरे में थी। टैंकर के इंजन रूम में आग लगने के बाद तुरंत एसओएस भेजा गया।
INS Tabar की त्वरित कार्रवाई
एसओएस मिलते ही भारतीय नौसेना ने युद्धपोत INS Tabar को तेजी से रवाना किया। घटनास्थल पर पहुंचकर जहाज की स्थिति का मूल्यांकन किया गया और 7 क्रू मेंबर्स को तुरंत सुरक्षित जहाज पर शिफ्ट कर दिया गया। बाकी बचे सदस्य और कप्तान ने जहाज पर रहकर आग बुझाने की कोशिश में मदद की।
फायरफाइटिंग ऑपरेशन में दिखा पराक्रम
INS Tabar से भेजी गई 6 सदस्यीय फायरफाइटिंग टीम ने आग को इंजन रूम तक सीमित कर दिया। बाद में और 13 सदस्यीय दल (जिसमें 5 अधिकारी और 8 नाविक शामिल थे) ने ऑपरेशन को और भी मजबूती दी। सभी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया और किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई।
भारतीय नौसेना का मानवीय साहस
भारतीय नौसेना ने इस मिशन को अत्यधिक जोखिमभरा रेस्क्यू बताया। नौसेना की तत्परता और साहस के कारण न सिर्फ एक बड़ा हादसा टल गया बल्कि 14 भारतीय नागरिकों की जान भी सुरक्षित रही। भारतीय नौसेना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह सिर्फ युद्ध नहीं, बल्कि हर संकट की घड़ी में मानवता की सेवा के लिए हमेशा तैयार रहती है।



