धमतरी में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान अवैध धान की आवक, भंडारण और खपाने की कोशिशों पर जिला प्रशासन सख्त रवैया अपना रहा है। अब तक 32 प्रकरण दर्ज करते हुए 1,441.05 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है। प्रशासन का उद्देश्य खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना और समर्थन मूल्य का लाभ वास्तविक व पात्र किसानों तक पहुंचाना है।
दूसरे राज्यों से धान लाकर सरकारी उपार्जन केंद्रों में खपाने की कोशिशों को रोकने के लिए ओडिशा सीमा से जुड़े छह स्थानों पर जांच चौकियां स्थापित की गई हैं। इनमें बोराई (घुटकेल), बांसपानी, बनरौद, सांकरा, जैतपुरी और मोहेरा शामिल हैं। इन चौकियों पर नगर सैनिकों के साथ वन, मंडी और राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की 24 घंटे निगरानी जारी है।
सीमावर्ती क्षेत्रों से गुजरने वाले धान वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। संदिग्ध वाहनों के परिवहन दस्तावेज और अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मंडी अधिनियम, 1972 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने जिला और विकासखंड स्तर पर विशेष उड़नदस्ता टीमें भी गठित की हैं। इन टीमों में राजस्व, खाद्य, मंडी, सहकारिता और कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हैं। संयुक्त जांच दल व्यापारिक परिसरों, गोदामों, संवेदनशील क्षेत्रों और धान संग्रहण के संदिग्ध ठिकानों का निरीक्षण कर रहे हैं। अवैध भंडारण या परिवहन पाए जाने पर धान जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
निगरानी केवल बाहर से आने वाले धान तक सीमित नहीं है। पहले से समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान को दोबारा सरकारी उपार्जन केंद्रों में बेचने की गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। इसके लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर सूचनाएं जुटाई जा रही हैं और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल जांच की जा रही है।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे शासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करते हुए अपना धान उपार्जन केंद्रों में बेचें। अवैध धान परिवहन, भंडारण या खरीदी से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी संबंधित अधिकारियों को तत्काल देने को कहा गया है।





