बदलता बस्तर, संवरता छत्तीसगढ़: IITF 2026 में वीआर अनुभव और 170+ इको-टूरिज्म स्थलों ने खींचा आगंतुकों का ध्यान

Madhya Bharat Desk
4 Min Read

नई दिल्ली / रायपुर:नई दिल्ली में आयोजित 45वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF) 2026 में छत्तीसगढ़ वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा प्रस्तुत इको-टूरिज्म गाइड आगंतुकों के बीच विशेष रूप से सराही जा रही है। मेले की थीम “विकास और विरासत” तथा अभियान की परिकल्पना “बदलता बस्तर, संवरता छत्तीसगढ़” पर आधारित छत्तीसगढ़ पवेलियन भारत मंडपम में लगाया गया है, जो 27 नवंबर 2026 तक आगंतुकों के लिए खुला रहेगा।

पवेलियन में इको-टूरिज्म स्टॉल पर आगंतुक राज्य के 32 जिलों के 170 से अधिक इको-टूरिज्म स्थलों को इंटरैक्टिव मैप के माध्यम से देख रहे हैं। वीआर हेडसेट के जरिए विजिटर छत्तीसगढ़ के जंगलों और प्रमुख इको-टूरिज्म गंतव्यों की आभासी सैर का अनुभव भी ले रहे हैं। यह इमर्सिव अनुभव पवेलियन का सबसे बड़ा आकर्षण बना हुआ है और आगंतुकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के साथ छत्तीसगढ़ इको-टूरिज्म और सीजी हर्बल्स स्टॉल का भ्रमण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को इको-टूरिज्म गाइड की बुकलेट भी भेंट की गई। उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री तोखन साहू और राज्यपाल रमेन डेका ने भी पवेलियन का अवलोकन किया।

स्टॉल पर विभाग ने “बदलता बस्तर, संवरता छत्तीसगढ़” की परिकल्पना प्रस्तुत की है, जिसमें वन, जनजातीय संस्कृति, आजीविका और टिकाऊ पर्यटन को एक साथ जोड़ा गया है। इस पहल का उद्देश्य छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख इको-टूरिज्म गंतव्यों में स्थापित करना है, साथ ही वन-आधारित उद्यमों का लाभ उन समुदायों तक पहुँचाना है जो जंगलों के संरक्षण में योगदान देते हैं।

इको-टूरिज्म गाइड में बस्तर की घाटियों से लेकर अचानकमार और उदंती-सीतानदी टाइगर रिज़र्व तक के प्रमुख गंतव्य शामिल हैं। भोरमदेव वन्यजीव अभयारण्य, गोमर्डा वन्यजीव अभयारण्य और अचानकमार टाइगर रिज़र्व में गाइडेड सफारी को विशेष रूप से दर्शाया गया है। गाइड में समुदाय-संचालित इको-कैंप भी शामिल हैं, जिनमें स्थानीय युवाओं द्वारा संचालित जनजातीय होम-स्टे, जैसे धमतरी का जबर्रा हिलर्स और सुकमा का तुंगल डैम इको-टूरिज्म केंद्र, प्रमुख हैं।

गाइड में भूवैज्ञानिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को भी जगह दी गई है। इनमें मनेंद्रगढ़ का मरीन फॉसिल पार्क, दंतेवाड़ा की पहाड़ी पर स्थित ढोलकल गणेश तथा बालोद के शैलचित्र शामिल हैं। पक्षी प्रेमियों के लिए बिलासपुर का कोपरा जलाशय और बेमेतरा का गिधवा-परसदा पक्षी अभयारण्य प्रमुख गंतव्य हैं, जबकि रोमांच प्रेमियों के लिए गरियाबंद में कयाकिंग और कांगेर घाटी में बांस राफ्टिंग के मार्ग दर्शाए गए हैं।

इसी क्रम में सीजी हर्बल्स स्टॉल पर भी आगंतुकों की अच्छी आवाजाही बनी रही। यहाँ छत्तीसगढ़ के जंगलों से प्राप्त हर्बल एवं वनोपज उत्पाद प्रदर्शित किए गए, जिन्हें स्थानीय एवं जनजातीय समुदाय एकत्र और तैयार करते हैं। इससे वन संपदा से जुड़े समुदायों को आजीविका का अवसर मिलता है।

विभाग के अनुसार, प्रत्येक चयनित इको-टूरिज्म स्थल स्थानीय स्वयं सहायता समूहों और वन समितियों से जुड़ा है। इसका उद्देश्य पर्यटन और वनोपज से होने वाली आय को वनवासी समुदायों तक पहुँचाना है। यह मॉडल प्राकृतिक आवासों के संरक्षण के साथ-साथ आदिवासी समुदायों को संरक्षण में प्रत्यक्ष भागीदार बनाने पर केंद्रित है।

पवेलियन में आगंतुक न केवल इंटरैक्टिव डिस्प्ले पर गंतव्यों की जानकारी ले रहे हैं, बल्कि वीआर अनुभव, जनजातीय वनोपज और 32 जिलों की निःशुल्क यात्रा गाइड भी प्राप्त कर रहे हैं। इको-टूरिज्म गाइड और इंटरैक्टिव मैप विभाग के पोर्टल https://forest-eco-portal.vercel.app/ पर भी उपलब्ध हैं, ताकि जो लोग पवेलियन नहीं आ सकते, वे भी इनका लाभ उठा सकें।

विभाग ने सभी आगंतुकों के लिए आमंत्रण दिया है—“हमर छत्तीसगढ़, अब आपका भी।” IITF 2026 में छत्तीसगढ़ की यह प्रस्तुति राज्य की समृद्ध वन संपदा, जनजातीय विरासत और टिकाऊ पर्यटन की संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment