स्वास्थ्य विभाग में 2.27 करोड़ का हिसाब नहीं, अधिकारी निलंबित!

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

नारायणपुर जिले के स्वास्थ्य विभाग में सीएसआर मद से जुड़ी राशि के हिसाब में बड़ा अंतर सामने आने के बाद एक अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2025-26 के रिकॉर्ड में कुल 2 करोड़ 27 लाख 73 हजार रुपये का अंतर पाया गया है।

जानकारी के मुताबिक, सहायक सांख्यिकी अधिकारी मनोज कुमार परते सीएसआर और डीएफ जैसी वित्तीय योजनाओं के प्रभारी थे। ऑडिट के दौरान खर्च की गई राशि से जुड़े लेजर, बैंक लेनदेन, बिल और वाउचर जैसे दस्तावेज मांगे गए, लेकिन इन्हें समय पर उपलब्ध नहीं कराया गया।

इसके बाद ऑडिटरों ने मामले की जानकारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय को दी। संबंधित अधिकारी को पत्र और नोटिस के जरिए दस्तावेज पेश करने के लिए कहा गया, लेकिन जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर पूरा मामला उच्च अधिकारियों को भेजा गया।

संभागीय संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं, बस्तर संभाग जगदलपुर की ओर से जारी आदेश में मनोज कुमार परते को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। आदेश में इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3(1) के उल्लंघन का प्रथम दृष्टया मामला माना गया है।

निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, जिला कोंडागांव रखा गया है। फिलहाल इतनी बड़ी राशि का हिसाब क्यों नहीं मिला, किन दस्तावेजों की कमी रही और इसमें किसकी जिम्मेदारी बनती है, यह विभागीय जांच से सामने आएगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment