कबरा हाथी का कहर जारी: रात में महिला को कुचला, मौत!

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

सूरजपुर।छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में कबरा कान वाले हाथी का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। रामानुजनगर वन परिक्षेत्र के उमेश्वरपुर गांव में बीती रात इस हाथी ने एक और महिला को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। मृतका की पहचान 45 वर्षीय दिलासो, पति अर्जुन, के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, देर रात उमेश्वरपुर के श्यामपुर क्षेत्र में हाथी की मौजूदगी की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान महिला घर से बाहर निकली और उसका सामना हाथी से हो गया। हाथी ने उस पर हमला कर दिया, जिससे वह मौके पर ही दम तोड़ दी। महिला के पति और बेटे ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।

लगातार बढ़ रहा आतंक

कबरा कान वाले हाथी के लगातार हमलों से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि पिछले एक सप्ताह के दौरान हाथी के हमले में पांच लोगों की जान जा चुकी है, जबकि छह माह में इसी हाथी से मरने वालों की संख्या 18 तक पहुंच गई है।

हाथी के बार-बार हमले के बाद वन विभाग की निगरानी और मॉनिटरिंग व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि समय पर मुनादी और पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं हो पा रहे हैं, जिससे लोगों को अपनी जान का खतरा बना हुआ है।

वन विभाग अलर्ट, रेडियो कॉलर की तैयारी

घटना के बाद वन विभाग ने आसपास के गांवों में अलर्ट जारी किया है। अमला हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रहा है और ड्रोन की मदद से उसकी निगरानी की जा रही है। लोगों से रात में घरों से बाहर न निकलने और हाथी के नजदीक न जाने की अपील की जा रही है।

हालात को देखते हुए प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) ने हाथी को ट्रैंकुलाइज कर रेडियो कॉलर लगाने की अनुमति दे दी है। इसके अलावा, हाथी की आवाजाही को देखते हुए कुछ स्कूलों में भी छुट्टी की गई है।

ग्रामीणों में आक्रोश

लगातार हो रही मौतों से ग्रामीणों में आक्रोश है। लोग वन विभाग से हाथी को नियंत्रित करने और गांवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पूरे क्षेत्र में डर का माहौल है और लोग रात में घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment