रायपुर में करीब 1,000 करोड़ रुपये की संपत्ति और शेयरों से जुड़ी कथित धोखाधड़ी के मामले में कोलकाता पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। कोलकाता हाईकोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद पुलिस की विशेष टीम आरोपी कारोबारी महेंद्र गोयनका को पकड़ने के लिए रायपुर पहुंची, लेकिन उसे उसके घर से खाली हाथ लौटना पड़ा।
पुलिस के मुताबिक, टीम रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित कचना के आनंदम वर्ल्ड सिटी में गोयनका के निवास पर पहुंची। वहां पहुंचने पर घर पर ताला लगा मिला, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही महेंद्र गोयनका परिवार समेत वहां से निकल गया था, हालांकि इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
यह मामला यूरो प्रतीक इस्पात इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़ी कंपनियों के शेयरों पर कथित अवैध कब्जे से संबंधित है। कोलकाता के बोबाजार थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार, महेंद्र गोयनका और उनके सहयोगियों पर जाली दस्तावेज, फर्जी हस्ताक्षर और नकली मुहरों के जरिए शेयरों का मालिकाना हक बदलने का आरोप है। शिकायत में करीब 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियों पर नियंत्रण हासिल करने की साजिश का भी आरोप लगाया गया है।
मामले में मध्य प्रदेश के कटनी जिले से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री संजय पाठक की पारिवारिक कंपनियों से जुड़ी संपत्तियों और शेयरों की कथित धोखाधड़ी की बात सामने आ रही है। एफआईआर में महेंद्र गोयनका समेत कई अन्य लोगों को नामजद किया गया है, जिनमें उनकी पत्नी और भाई भी शामिल बताए जा रहे हैं।
कोलकाता पुलिस का कहना है कि आरोपियों को गिरफ्तार कर कोलकाता की अदालत में पेश किया जाना था, ताकि आगे की जांच के लिए पुलिस रिमांड मांगी जा सके। फिलहाल पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर तलाश जारी रखे हुए है, जबकि गोयनका के फरार होने की परिस्थितियों और उसके वर्तमान स्थान को लेकर आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।





