गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। राजाडेरा जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए 21 लाख रुपये के नकद डंप को निकालते समय पुलिस ने दो महिला सरेंडर नक्सलियों सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर से प्राप्त सूचना के बाद मैनपुर पुलिस ने राजाडेरा पहाड़ी के पास जंगल में घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी जंगल से बैग लेकर लौट रहे थे और पुलिस को देखकर छिपने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन टीम ने तीनों को मौके पर दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के काले बैग में रखे टिफिन से 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां बरामद हुईं। कुल बरामद रकम 21 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने तीन मोबाइल फोन और एक टीवीएस बाइक भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में एक पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं, जिनमें दोनों महिलाएं पहले आत्मसमर्पण कर चुकी नक्सलियां बताई जा रही हैं। आरोपियों की पहचान सिंगे उर्फ रोशनी, बुधरी मुचाकी उर्फ सोनी और नोहर मरकाम के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह रकम वर्ष 2024 में नक्सली सीसी मेंबर चेलापति ने राजाडेरा जंगल में पहाड़ी के पास जमीन के अंदर छिपाकर रखी थी। पुलिस का कहना है कि यह नकदी ठेकेदारों और आम लोगों को डराने-धमकाकर की गई अवैध वसूली से जुटाई गई थी।







