नीट यूजी काउंसलिंग के कई चरण पूरे होने के बाद भी देशभर के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की लगभग 2,000 सीटें खाली पड़ी हैं। इन सीटों को भरने के लिए स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय ने स्पेशल स्ट्रे वेकेंसी राउंड काउंसलिंग आयोजित करने का निर्णय लिया है। मेडिकल काउंसलिंग कमिटी ने इस राउंड का कार्यक्रम अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया है।
स्पेशल राउंड के लिए पंजीकरण और शुल्क भुगतान की प्रक्रिया 2 नवंबर से शुरू होगी, जो 4 नवंबर दोपहर 3 बजे तक चलेगी। उम्मीदवार 2 नवंबर से 5 नवंबर के बीच अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स की चॉइस भर सकेंगे। चॉइस लॉकिंग 4 नवंबर शाम 4 बजे से शुरू होकर 5 नवंबर सुबह 11 बजे तक रहेगी।
सीट आवंटन की प्रक्रिया 5 और 6 नवंबर को संपन्न होगी, जिसके बाद 7 नवंबर को परिणाम जारी किया जाएगा। जिन अभ्यर्थियों को सीट आवंटित होगी, उन्हें 7 से 16 नवंबर तक, शाम 5 बजे से पहले, संबंधित कॉलेज में रिपोर्ट करना होगा। इस राउंड से उन योग्य उम्मीदवारों को फिर मौका मिलेगा, जो पिछले चरणों में किसी कारण से सीट नहीं पा सके थे।
इसके साथ ही डीजीएचएस ने बीडीएस और बीएससी नर्सिंग की सीटों के लिए पांचवें राउंड की काउंसलिंग भी कराएगी। इन कोर्सों के लिए पंजीकरण और शुल्क भुगतान 2 से 4 नवंबर तक रहेगा, जबकि चॉइस भरने की सुविधा 2 से 5 नवंबर तक उपलब्ध रहेगी। चॉइस लॉकिंग की समय-सीमा 4 नवंबर शाम 4 बजे से 5 नवंबर सुबह 11 बजे तक निर्धारित है। सीट आवंटन 5 और 6 नवंबर को होगा और नतीजे 7 नवंबर को घोषित होंगे। चयनित उम्मीदवार 7 से 16 नवंबर तक कॉलेज में रिपोर्ट कर सकेंगे।
बीडीएस और बीएससी नर्सिंग की खाली सीटों के लिए छठा राउंड भी आयोजित किया जाएगा। इस राउंड में पंजीकरण, शुल्क भुगतान और चॉइस फिलिंग 17 से 19 नवंबर तक की जा सकेगी। चॉइस लॉकिंग 18 नवंबर शाम 4 बजे से 19 नवंबर सुबह 9 बजे तक रहेगी। सीट आवंटन की प्रक्रिया 19 नवंबर को पूरी होगी और 20 नवंबर को परिणाम जारी किया जाएगा। आवंटित उम्मीदवारों को 21 से 28 नवंबर तक संबंधित कॉलेज में रिपोर्ट करना होगा।
अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे समय-सीमा का ध्यान रखते हुए समय रहते पंजीकरण, शुल्क भुगतान और चॉइस लॉकिंग पूरी कर लें, क्योंकि निर्धारित तिथि के बाद कोई सुधार या देर से आवेदन संभव नहीं होगा। अपडेट और आधिकारिक सूचनाओं के लिए एमसीसी की वेबसाइट पर नियमित नजर रखनी चाहिए।





