रायपुर।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज, 22 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय प्रवास पर रायपुर पहुंचेंगी। इस दौरान वे राज्य की सांस्कृतिक और सामाजिक परंपराओं से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी, जबकि कल 23 अक्टूबर को वे बस्तर दशहरा के प्रसिद्ध मुरिया दरबार में शामिल होने जगदलपुर जाएंगी।
राष्ट्रपति का पहला कार्यक्रम रायपुर स्थित लोक भवन में होगा, जहां वे दोपहर 12:45 बजे पूज्य माता हासी देवी के सम्मान में 200 रुपये मूल्यवर्ग का स्मारक सिक्का जारी करेंगी। इस अवसर पर विशेष डाक टिकट भी जारी किए जाने की सूचना है।
इसके बाद शाम चार बजे राष्ट्रपति बुढ़ापारा स्थित बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम में लगभग चार हजार युवाओं के पहुंचने की उम्मीद है। इसमें राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद और रायपुर शहर के चारों विधायक प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे।
राष्ट्रपति के प्रवास को देखते हुए रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। लोक भवन और कार्यक्रम स्थलों के आसपास पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।
23 अक्टूबर को राष्ट्रपति जगदलपुर पहुंचेंगी, जहां सुबह 11 बजे वे मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे लालबाग मैदान में बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित प्रसिद्ध मुरिया दरबार एवं सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगी। मुरिया दरबार बस्तर दशहरा की पारंपरिक आदिवासी सभा है, जो उत्सव की प्रमुख परंपराओं में से एक मानी जाती है।
राष्ट्रपति के जगदलपुर प्रवास से पहले प्रशासनिक तैयारियां भी जोरों पर हैं। वन मंत्री केदार कश्यप ने लालबाग मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा आम नागरिकों की सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए हैं।







