विधानसभा सत्र बढ़ाने की मांग पर महंत का CM साय को पत्र

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर।छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर विधानसभा सत्र की अवधि बढ़ाने और सदन की बैठकों की संख्या बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े जरूरी मुद्दों पर विधानसभा में पर्याप्त चर्चा होनी चाहिए, ताकि समस्याओं का समाधान निकाला जा सके।

किसानों से लेकर शिक्षा तक के मुद्दे उठाए

15 अक्टूबर को लिखे पत्र में महंत ने किसानों की समस्याओं, बिजली संकट, कानून-व्यवस्था, खराब सड़कों, स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाओं के साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि इन सभी विषयों पर विस्तार से चर्चा करने और ठोस फैसले लेने के लिए जनप्रतिनिधियों को पर्याप्त समय मिलना जरूरी है।

कम समय के कारण अधूरी रह जाती है चर्चा

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पिछले कुछ विधानसभा सत्रों में कम समय मिलने के कारण कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा नहीं हो पाती। ध्यानाकर्षण, स्थगन प्रस्ताव और शून्यकाल से जुड़े विषयों पर भी पर्याप्त समय नहीं मिल पाता। इससे विपक्ष को जनता की समस्याएं सदन में उठाने का मौका सीमित हो जाता है।

सभी दलों के साथ चर्चा करने का सुझाव

महंत ने कहा कि जब जनता की समस्याओं पर विधानसभा में पर्याप्त चर्चा नहीं होती, तो लोगों का असंतोष धरने और आंदोलनों के रूप में सामने आ सकता है। उन्होंने स्कूली बच्चों के समस्याओं को लेकर सड़कों पर उतरने की घटनाओं को भी चिंताजनक बताया।

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आग्रह किया है कि विधानसभा अध्यक्ष, कार्यमंत्रणा समिति और सभी दलों के नेताओं के साथ बैठक कर सत्र के कार्यदिवस बढ़ाने पर विचार किया जाए। अब इस मांग पर राज्य सरकार की प्रतिक्रिया का इंतजार है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment