छत्तीसगढ़ में 2.79 किमी लंबी राष्ट्रीय राजमार्ग सुरंग बनकर तैयार, विकास और कनेक्टिविटी की नई राह खोलेगी

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ ने बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने राज्य की पहली राष्ट्रीय राजमार्ग सुरंग (लेफ्ट हैंड साइड) का निर्माण मात्र 12 महीनों में पूरा कर लिया है। यह सुरंग 2.79 किलोमीटर लंबी है और रायपुर-विजयवाड़ा-विजाग आर्थिक गलियारे (NH-130CD) का हिस्सा है। यह परियोजना राज्य में तेज़ और सुगम परिवहन की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

जब यह ट्विन ट्यूब टनल पूरी तरह से तैयार हो जाएगी, तब रायपुर से विशाखापट्टनम की यात्रा काफी सुगम और कम समय में पूरी हो सकेगी। इस सुरंग के निर्माण से न केवल व्यापार और उद्योग को नई गति मिलेगी बल्कि छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के बीच आर्थिक और सामाजिक संपर्क भी मजबूत होगा। इससे पर्यटन, रोजगार और सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुरंग समृद्ध और सशक्त छत्तीसगढ़ की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने बताया कि सड़क और परिवहन अधोसंरचना का विकास प्रदेश की प्रगति की रीढ़ है, और इस परियोजना से राज्य में नए अवसरों का सृजन होगा।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत विजन’ के अनुरूप यह परियोजना आने वाली पीढ़ियों के लिए भी विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी।

इस सुरंग के निर्माण से छत्तीसगढ़ की भौगोलिक सीमाएँ ही नहीं, बल्कि उसकी आर्थिक क्षमता भी विस्तृत होगी। यह परियोजना राज्य के विकास पथ पर एक मील का पत्थर साबित होगी और प्रदेश को ‘सशक्त छत्तीसगढ़’ के लक्ष्य की ओर अग्रसर करेगी।

 

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment