रंगों, रचनाओं और ज्ञान से युवाओं ने दिया वन्यजीव संरक्षण का संदेश

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

नया रायपुर।प्रकृति और वन्यजीवों के संरक्षण का संदेश अब युवाओं की कला, रचनात्मकता और ज्ञान के जरिए लोगों तक पहुंचेगा। वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में वन्यजीव सप्ताह (2 से 8 अक्टूबर 2026) के समापन अवसर पर गुरुवार को नया रायपुर स्थित अरण्य भवन के दंडकारण्य सभागार में पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया।

यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग और रायपुर वन मंडल ने कलिंगा विश्वविद्यालय के हरित समूह और प्राणीशास्त्र विभाग के सहयोग से आयोजित किया। इस साल वन्यजीव सप्ताह की थीम “जुड़ते प्राकृतिक आवास, फलते-फूलते वन्यजीव” रखी गई थी। इसके जरिए विद्यार्थियों को स्थानीय जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

सप्ताहभर चले आयोजन में विद्यार्थियों ने किताबों के साथ-साथ मैदानी गतिविधियों के जरिए प्रकृति को करीब से समझा। इस दौरान कागज की आकृतियां बनाने, घोंसलों के मॉडल तैयार करने, बीजगोलक (सीड बॉल) बनाने, वन्यजीव छायाचित्रण और प्रकृति भ्रमण जैसी कई गतिविधियां कराई गईं। इन गतिविधियों से बच्चों में प्रकृति और वन्यजीवों के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ी।

प्रतियोगिताओं के विजेताओं का सम्मान

समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

लघु दृश्यचित्र निर्माण प्रतियोगिता में कलिंगा विश्वविद्यालय के देवेश मिंज ने पहला, सिद्धांत नागपुरे ने दूसरा और वर्षा साहू ने तीसरा स्थान हासिल किया।

निबंध प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय की श्रेया साहू प्रथम रहीं। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, उपरवारा की शैल्या साहू ने दूसरा और पीएम श्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय, माना कैंप के आकाश दास ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

इसके अलावा पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, माना कैंप की हेमा और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गनोद की दीपिका साहू को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम ने युवाओं को पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और उसे निभाने के लिए प्रेरित किया।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment