बालोद में पुलिसकर्मी की बेटी पर एसिड अटैक!

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बालोद।छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सोमवार दोपहर एक सनसनीखेज एसिड अटैक की घटना सामने आई है। हमले का शिकार हुई 22 वर्षीय युवती स्थानीय पुलिस विभाग में तैनात एक कर्मचारी की बेटी है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है।

घटना आमापारा स्थित सिंचाई कॉलोनी में, आत्मानंद स्कूल के सामने उस वक्त हुई जब पीड़िता ई-लाइब्रेरी से पढ़ाई करके घर लौट रही थी। रास्ते में एक युवक ने अचानक उस पर एसिड फेंक दिया। एसिड पड़ते ही युवती तेज जलन से चिल्लाने लगी और उसका शरीर, खासकर चेहरा, आंख और दाहिना हिस्सा बुरी तरह झुलस गया।

चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़कर आए और उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे रायपुर रेफर कर दिया। फिलहाल युवती रायपुर में भर्ती है और इलाज चल रहा है।

हमले के बाद आरोपी युवक पैदल आमापारा केनाल की ओर भाग निकला। पुलिस का मानना है कि वह तंडुला डैम के जंगली इलाके की तरफ गया हो सकता है। घटनास्थल से आरोपी के भागते हुए के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जिनमें वह सफेद शर्ट पहने दिखाई दे रहा है। पुलिस इन फुटेज के आधार पर उसकी पहचान और आवाजाही का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस ने कई टीमें बनाकर घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया है। साथ ही, फॉरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए हैं। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमलावर कौन था, एसिड उसे कहां से मिला और क्या हमले के पीछे कोई पूर्व विवाद या परिचय रहा।

इस घटना ने स्थानीय स्तर पर महिलाओं की सुरक्षा और एसिड जैसी खतरनाक वस्तुओं की आसान उपलब्धता को लेकर गहरी चिंता पैदा कर दी है, खासकर तब जब हमला दिन के उजाले में शहर के व्यस्त इलाके में हुआ।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment