नई दिल्ली।अक्टूबर महीने की शुरुआत आम जनता के लिए महंगाई के झटके के साथ हुई है। त्योहारों के सीजन से पहले एलपीजी गैस सिलेंडर (LPG) की कीमतों में 62 से 71 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। हालांकि, यह बढ़ोतरी घरेलू गैस सिलेंडर पर नहीं, बल्कि 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर पर हुई है।
इस बढ़ोतरी का असर रेस्टोरेंट, होटल, कैटरिंग और कमर्शियल LPG का इस्तेमाल करने वाले दूसरे कारोबारों पर पड़ सकता है। त्योहारी सीजन में बढ़े हुए गैस खर्च का असर इन कारोबारों के बजट पर देखने को मिल सकता है।
दिल्ली में ₹62.50 महंगा हुआ सिलेंडर
दिल्ली में 19 किलो के कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत सितंबर में ₹2,747.50 थी, जो अब ₹62.50 बढ़कर ₹2,810 हो गई है। सितंबर में भी कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में ₹9.50 की बढ़ोतरी हुई थी।
वहीं, मुंबई में कमर्शियल LPG सिलेंडर की नई कीमत ₹2,764 हो गई है। चेन्नई में इसकी कीमत बढ़कर ₹2,983 पहुंच गई है।
घरेलू LPG ग्राहकों को फिलहाल राहत
घरेलू ग्राहकों के लिए राहत की बात यह है कि फिलहाल घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में घरेलू सिलेंडर ₹942, मुंबई में ₹941.50 और चेन्नई में ₹957.50 की कीमत पर ही मिल रहा है।
यानी अक्टूबर में कमर्शियल LPG सिलेंडर महंगा हुआ है, जबकि घरेलू रसोई गैस की कीमत फिलहाल पहले जैसी बनी हुई है।






