बस्तर में बाढ़ का संकट! 7,300 से ज्यादा लोग राहत शिविरों में, 817 का रेस्क्यू

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

जगदलपुर। इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद कई इलाकों में बाढ़ का पानी भर गया है। हालात को देखते हुए राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। वायुसेना की टीम Mi-17 हेलीकॉप्टर के जरिए रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है। अब तक 12 लोगों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जबकि नावों की मदद से 805 लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है।

जगदलपुर शहर के डोंगाघाट और आसना इलाके में 50 से ज्यादा लोगों के बाढ़ के पानी में फंसे होने की जानकारी सामने आई है। वहीं प्रवीर वार्ड और विजय वार्ड में भी 20 से अधिक लोगों के फंसे होने की खबर है।

7,300 से ज्यादा लोग राहत शिविरों में

प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित ग्रामीण और शहरी इलाकों में राहत शिविर बनाए गए हैं। इन शिविरों में फिलहाल 7,300 से अधिक लोग शरण लिए हुए हैं। लोगों के लिए भोजन, पीने का पानी और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था की गई है।

कई इलाकों में अब भी फंसे हैं लोग

घाटपद्मुर, पनारापारा और कोकापाल जैसे इलाकों में पानी का बहाव काफी तेज है। इन क्षेत्रों में अभी भी करीब 100 लोगों के फंसे होने की जानकारी है। SDRF की टीमें लगातार नावों के जरिए इन इलाकों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं।

जरूरत पड़ने पर फिर होगी एयरलिफ्टिंग

प्रशासन का कहना है कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक भोजन और पानी पहुंचाया जा रहा है। स्थिति को देखते हुए जरूरत पड़ने पर वायुसेना के हेलीकॉप्टर की मदद से दोबारा एयरलिफ्टिंग भी की जाएगी। राहत और बचाव टीमों को प्रभावित इलाकों में लगातार सक्रिय रखा गया है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment