बिलासपुर।सिरगिट्टी इलाके में बांग्लादेशी नागरिक होने के शक में पकड़े गए 23 लोगों में से 18 के भारतीय नागरिक होने की पुष्टि हो गई है। मुर्शिदाबाद और संबंधित थानों से दस्तावेजों और पहचान का सत्यापन कराने के बाद इन सभी को रायपुर के होल्डिंग/डिटेंशन सेंटर से करीब 15 दिन बाद रिहा कर दिया गया।
अब पुलिस की नजर बाकी बचे 5 लोगों पर है। इनके दस्तावेजों की जांच अभी जारी है। पुलिस ने इनके कुछ अतिरिक्त दस्तावेज भी मंगवाए हैं। जांच में कुछ कागजातों में कमी सामने आने की बात कही जा रही है। वहीं, कुछ लोगों के नाम SIR से हटाए जाने की जानकारी भी जांच का हिस्सा है।
दरअसल, सिरगिट्टी क्षेत्र में करीब दो महीने तक चले अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 1,162 लोगों की जांच की थी। इस दौरान 23 लोगों की पहचान और उनके दस्तावेज संदिग्ध पाए गए थे। इसके बाद पुलिस ने पश्चिम बंगाल में बताए गए पते पर दस्तावेजों का सत्यापन कराया और 4 सितंबर को सभी 23 लोगों को रायपुर भेजा गया था।
सत्यापन के बाद 18 लोगों के भारतीय नागरिक होने की पुष्टि हो गई और उन्हें रिहा कर दिया गया। अब पुलिस का पूरा ध्यान बाकी 5 लोगों के दस्तावेजों की जांच पर है। दस्तावेजों का सत्यापन पूरा होने के बाद ही यह साफ होगा कि उनके खिलाफ आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।






