रायपुर।छत्तीसगढ़ किसान कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री राजेश पाण्डेय ने धार्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की मांग राज्य सरकार से की है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम की माता माता कौशल्या का मायका और भगवान राम का ननिहाल है। ऐसे में भगवान हनुमान जी और उनके भक्त बाबा नीम करौली जी के जीवन पर आधारित इस फिल्म को प्रदेश में टैक्स फ्री किया जाना चाहिए।
राजेश पाण्डेय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान राम-वन-गमन पथ, माता कौशल्या मंदिर और भगवान श्रीराम से जुड़ी आस्था से है। ऐसे प्रदेश में सरकार को इस फिल्म को सबसे पहले टैक्स फ्री करने की पहल करनी चाहिए थी।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान सहित कई राज्यों में फिल्म को टैक्स फ्री किया गया है, लेकिन छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से अब तक इस दिशा में कोई निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि सरकार वास्तव में धर्म और संस्कृति की बात करती है, तो उसे इस फिल्म को टैक्स फ्री कर सकारात्मक संदेश देना चाहिए।
बच्चों और युवाओं के लिए निःशुल्क प्रदर्शन की मांग
पाण्डेय ने सरकार के सामने फिल्म को टैक्स फ्री करने के साथ ही स्कूली छात्रों, कॉलेज के युवाओं और मजदूर वर्ग के लिए इसके निःशुल्क प्रदर्शन की व्यवस्था करने की भी मांग रखी। उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत माता कौशल्या धाम चंदखुरी से की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि फिल्म के माध्यम से बच्चों और युवाओं को भगवान श्रीराम और हनुमान जी की भक्ति, संस्कार और हमारी संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
आंदोलन की चेतावनी
राजेश पाण्डेय ने कहा कि सरकार को इस मांग पर जल्द फैसला लेना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस दिशा में पहल नहीं की तो किसान कांग्रेस माता कौशल्या के ननिहाल के सम्मान के लिए प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी।






