रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर भाजपा ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की है। इसी सिलसिले में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रांतीय कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी शामिल हुए।
इस दौरान बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे किए हैं। उनका यह सफर पूरे देश के लिए अतुलनीय और अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनहित की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी लगातार जनता तक पहुंचाना जरूरी है, तभी लोग उसका सही लाभ और महत्व समझ पाते हैं।
अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दल लगातार जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में भाजपा का हर कार्यकर्ता लोगों के बीच जाकर सरकार के काम और योजनाओं की जानकारी देगा।

एक महीने तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि करीब एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ता केंद्र की मोदी सरकार, छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार और पूर्ववर्ती डॉ. रमन सिंह सरकार के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएंगे।
उन्होंने कहा कि अभियान का मकसद केवल सरकार की उपलब्धियां गिनाना नहीं है, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक पहुंचकर सेवा कार्य करना भी है।

खिलाड़ियों और सांस्कृतिक विभूतियों का होगा सम्मान
अभियान के दौरान समाज और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों, पद्मश्री सम्मान प्राप्त हस्तियों और बेहतरीन सांस्कृतिक कलाकारों का सम्मान भी किया जाएगा।
बृजमोहन अग्रवाल ने भाजपा कार्यकर्ताओं से इस अभियान को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसेवा के इस अभियान के जरिए पार्टी का जनसंपर्क और मजबूत होगा। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।






