रायपुर।हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी (HTC) के भिलाई कार्यालय और बलौदाबाजार यार्ड में स्टेट GST की दो दिन तक चली कार्रवाई के बाद करीब 10 करोड़ रुपये की वित्तीय गड़बड़ी सामने आने का दावा किया गया है।
24 और 25 अगस्त को हुई इस कार्रवाई के दौरान GST टीम ने कंपनी से जुड़े कारोबारी दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं। अब कंपनी के डायरेक्टर इंद्रजीत सिंह उर्फ ‘छोटू’ को समंस जारी किया गया है। उन्हें आज 27 अगस्त को दुर्ग स्थित GST कार्यालय में जरूरी दस्तावेजों के साथ बुलाया गया है।
1500 ट्रकों से जुड़ा है कारोबार
HTC का सालाना कारोबार करीब 170 करोड़ रुपये का बताया जा रहा है। कंपनी से करीब 1,500 ट्रक जुड़े हैं। इनमें लगभग 500 ट्रक कंपनी के अपने हैं, जबकि करीब 1,000 अटैच वाहन बताए गए हैं। इनमें बड़ी संख्या में वाहन भिलाई स्टील प्लांट से जुड़े औद्योगिक परिवहन में काम करते हैं।
बोगस बिलिंग और ITC की भी जांच
GST टीम ने कंपनी से जुड़ी तीन फर्मों के रिकॉर्ड और पिछले पांच साल के लेनदेन की जांच की है। इस दौरान आय-व्यय के रिकॉर्ड में गड़बड़ी, कुछ लेनदेन छिपाने, बोगस बिलिंग और बिना हिसाब के कारोबार से टैक्स चोरी की आशंका वाले दस्तावेज मिलने का दावा किया गया है।
जांच में कुछ ऐसे वाहनों की जानकारी भी सामने आने की बात कही गई है, जिन्हें खरीदने और बेचने के बाद भी उन पर इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का लाभ लिया गया।
अब GST टीम कंपनी की ओर से जमा किए गए टैक्स, लिए गए ITC और वास्तविक कारोबार का दस्तावेजों के आधार पर मिलान करेगी। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक टैक्स देनदारी और आगे की कार्रवाई की स्थिति साफ होगी।




