हसदेव नदी में उफान, बांगो बांध के 9 गेट खुले; एनीकट पार करते समय महिला तेज बहाव में बही

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

कोरबा। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में जोरदार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 30 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र भी मजबूत हो रहा है और अगले 24 घंटे में इसके डिप्रेशन में बदलने की संभावना है।

बारिश से तापमान में गिरावट

लगातार बारिश के कारण प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में भैसमा और लवन में 9-9 सेमी, ओडगी में 8 सेमी और कोटाडोल में 7 सेमी बारिश हुई। सिमगा, बेरला और थानखमरिया में भी 6-6 सेमी बारिश दर्ज की गई। रायपुर में भी दिनभर बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।

बांगो बांध के 9 गेट खुले

कोरबा के मिनीमाता बांगो बांध में पानी का स्तर 93.65 प्रतिशत तक पहुंच गया है। लगातार पानी की आवक को देखते हुए बांध के 9 गेटों को करीब 6 मीटर तक खोला गया है। इससे 41 हजार क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा जा रहा है। पानी छोड़े जाने से हसदेव नदी उफान पर है और कोरबा की निचली बस्तियों में जलभराव का खतरा बढ़ गया है।

एनीकट पार करते समय महिला तेज बहाव में बही

पामगढ़ क्षेत्र के कोसीर-ढाबाडीह टांगर डेम के पास लीलागर नदी पर बने एनीकट को पार करते समय जेवरा निवासी रमा बाई (40) तेज बहाव में बह गईं। बताया जा रहा है कि वह पैदल अपने मायके जा रही थीं। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और महिला की तलाश शुरू की।

देर शाम तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन महिला का कोई पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। सोमवार सुबह फिर से तलाश शुरू की जाएगी। एहतियात के तौर पर एनीकट पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोक दी गई है।

प्रमुख शहरों का तापमान

शहरअधिकतमन्यूनतम
माना एयरपोर्ट26.9°C24.2°C
बिलासपुर30.2°C25.4°C
राजनांदगांव26.5°C22.0°C
अंबिकापुर32.7°C24.1°C
जगदलपुर29.1°C23.9°C

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment