लाल किले से PM मोदी का बड़ा संदेश: ‘दिमागी नक्सलियों’ को पहचानना होगा

Madhya Bharat Desk
4 Min Read

नई दिल्ली।भारत आज 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, गर्व और देशभक्ति के साथ मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से लगातार 13वीं बार तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के बाद पूरे परिसर में ‘वंदे मातरम्’ की गूंज सुनाई दी। इसके बाद प्रधानमंत्री ने देशवासियों को संबोधित किया।

हर दिल ‘वंदे मातरम्’ की धुन पर धड़क रहा है

लाल किले से देश को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज पूरा देश तिरंगे के रंग में रंगा हुआ नजर आ रहा है। हर दिल ‘वंदे मातरम्’ की धुन पर धड़क रहा है और देश के हर घर व हर मन में तिरंगा लहरा रहा है।

कच्चे तेल पर निर्भरता को लेकर बोले पीएम

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को आज भी कच्चे तेल के लिए दूसरे देशों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। उन्होंने इसे पहले की सोच का नतीजा बताया। पीएम मोदी ने कहा कि देश के समुद्र तट का करीब 99 फीसदी हिस्सा कभी ‘नो-गो एरिया’ घोषित कर दिया गया था, जिसके कारण समुद्र में तेल की खोज नहीं हो सकी।

उन्होंने कहा कि अब ऐसे इलाकों को ‘गो-अहेड एरिया’ बनाया जा रहा है और वहां तेल एवं गैस की खोज को बढ़ावा दिया जा रहा है।

‘दिमागी नक्सलियों’ को पहचानना होगा

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में ‘दिमागी नक्सलियों’ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग हिंसा और अराजकता के रास्ते तलाश रहे हैं और समाज को गलत दिशा में ले जाने की कोशिश कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को ऐसे ‘दिमागी नक्सलियों’ को पहचानने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं को देश के विकास से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि समाज को गलत राह पर ले जाने के लिए अलग-अलग तरह के प्रयास किए जा रहे हैं।

सपनों और संकल्प से आगे बढ़ता है राष्ट्र

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और पूरी दुनिया देश की क्षमता, इनोवेशन और सामर्थ्य को देख रही है। उन्होंने कहा कि कोई भी देश अपने बड़े सपनों, मजबूत संकल्प और क्षमता के दम पर ही महान बनता है।

पीएम मोदी ने कहा कि बड़े सपने देखना जरूरी है, क्योंकि इससे सोच का दायरा बढ़ता है। उन्होंने देश में पूरी तरह मजबूत मैन्युफैक्चरिंग व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया।

सुरक्षा के घेरे में राजधानी

स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। लाल किला और उसके आसपास के इलाकों को कई स्तर की सुरक्षा व्यवस्था में रखा गया।

किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए 25 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई। वहीं, 1,000 से ज्यादा AI आधारित सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी गई। आतंकवादी गतिविधियों को रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियों को भी हाई अलर्ट पर रखा गया।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment