IIM रायपुर में 108 यूनिट रक्तदान, Gen Z युवाओं ने पेश की मानवता की मिसाल

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर।युवाओं के संगठन ‘युवा पहल’ की ओर से IIM रायपुर परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य मेकाहारा अस्पताल में कैंसर से जूझ रहे बच्चों और अन्य गंभीर मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराना था। इस आयोजन में IIM रायपुर के विद्यार्थी कल्याण विंग ‘सक्षम’ ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग किया।

108 यूनिट रक्तदान कर दिया खास संदेश

सावन और छत्तीसगढ़ के लोकपर्व हरेली के अवसर पर आयोजित इस शिविर में युवाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। रुद्राक्ष की 108 मनकों की पवित्र संख्या की तरह युवाओं ने कुल 108 यूनिट रक्तदान किया। इस पहल के जरिए युवाओं ने संदेश दिया कि आज की Gen Z पढ़ाई और करियर के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने में भी आगे है।

हरेली के मौके पर कैंसर मरीजों के लिए किया गया यह रक्तदान उनके लिए एक तरह का जीवनदायी उपहार बना।

देशभर के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

IIM रायपुर में देश के अलग-अलग राज्यों से आए विद्यार्थियों ने इस अभियान में हिस्सा लिया। मेघालय और मिजोरम से लेकर तेलंगाना, हैदराबाद, कन्याकुमारी, गुजरात और राजस्थान सहित कई राज्यों के छात्रों ने एक साथ रक्तदान किया। इस दौरान ‘अनेकता में एकता’ की खूबसूरत तस्वीर भी देखने को मिली।

11 साल में 43वां रक्तदान शिविर

‘युवा पहल’ के संस्थापक राहुल शर्मा ने बताया कि संस्था पिछले 11 वर्षों से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने का काम कर रही है। मेकाहारा के मॉडर्न ब्लड बैंक के लिए संस्था का यह 43वां रक्तदान शिविर था। IIM रायपुर में मेकाहारा के मरीजों के लिए लगातार दूसरे साल इस शिविर का आयोजन किया गया।

‘सक्षम’ और टीम ने संभाली जिम्मेदारी

कार्यक्रम को सफल बनाने में IIM रायपुर के विद्यार्थी कल्याण विंग ‘सक्षम’ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं ‘युवा पहल’ की रक्तदाता प्रमुख सुनंदा शर्मा, महासचिव प्रणव तिवारी और संस्थापक राहुल शर्मा ने आयोजन की जिम्मेदारी संभाली।

संस्था की ओर से सभी रक्तदाताओं, विद्यार्थियों और IIM रायपुर के प्रभारी निदेशक संजीव पराशर के सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार जताया गया।

समाजसेवा के कई काम कर रही ‘युवा पहल’

‘युवा पहल वेलफेयर फाउंडेशन’ पिछले एक दशक से ज्यादा समय से रक्तदान के साथ कई सामाजिक कार्यों में सक्रिय है। संस्था रायपुर के महादेव घाट और बिलासपुर के सरकंडा स्थित मुक्तिधामों के प्रबंधन के साथ दिव्यांग सेवा, लावारिस शवों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार, गौ-सेवा, मोक्ष रथ, शव फ्रीजर और नि:शुल्क जल वितरण जैसे कार्य भी कर रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment