रांची।झारखंड में सरकारी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार 18वें दिन भी जारी है। सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव बढ़ गया। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इस कार्रवाई के बाद छात्र संगठनों में नाराजगी और बढ़ गई है।
छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के बाद भाजपा ने भी राज्य सरकार के खिलाफ अपना रुख और सख्त कर लिया है। 10 अगस्त को प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी को हिरासत में लिए जाने के बाद पार्टी ने आज 11 अगस्त को झारखंड बंद का ऐलान किया है।
रांची में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और बाबूलाल मरांडी ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया। भाजपा नेताओं ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस का बल प्रयोग नहीं होना चाहिए था।
भाजपा ने लोगों से झारखंड बंद को समर्थन देने की अपील की है। पार्टी के इस ऐलान के बाद भर्ती परीक्षा को लेकर चल रहा विवाद अब सीधे राजनीतिक टकराव में बदलता नजर आ रहा है।
वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि सरकार छात्रों की शिकायतों को गंभीरता से ले रही है और उनकी समस्याओं पर उचित कार्रवाई की जाएगी।





