विधानसभा मानसून सत्र: पहले दिन तीजन बाई को श्रद्धांजलि, पेश होंगे 8 विधेयक

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र आज 13 जुलाई से शुरू हो रहा है। यह सत्र 17 जुलाई तक चलेगा, जिसमें कुल पांच बैठकें होंगी। इस दौरान सरकार आठ अहम विधेयक (बिल) सदन में पेश करेगी। पहले दिन की कार्यवाही पद्म विभूषण से सम्मानित मशहूर पंडवानी गायिका तीजन बाई को श्रद्धांजलि देकर शुरू होगी।

प्रश्नकाल में मुख्यमंत्री समेत तीन मंत्री देंगे जवाब

सत्र के पहले दिन प्रश्नकाल में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप अपने-अपने विभागों से जुड़े सवालों के जवाब देंगे। वहीं विपक्ष भी कई जनहित के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है।

मुख्यमंत्री पेश करेंगे अहम वार्षिक रिपोर्ट

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सदन के पटल पर छत्तीसगढ़ राज्य मानव अधिकार आयोग की वार्षिक रिपोर्ट 2024-25, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग का वार्षिक लेखा प्रतिवेदन (वित्तीय वर्ष 2024-25) और अधिसूचित छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग विनियम-2026 पेश करेंगे।

उप मुख्यमंत्री और वाणिज्य कर मंत्री भी रखेंगे महत्वपूर्ण दस्तावेज

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सदन में विकसित भारत रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (VBGRAM) योजना से जुड़े छत्तीसगढ़ के दस्तावेज पेश करेंगे। वहीं वाणिज्य कर मंत्री ओपी चौधरी गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स नेटवर्क (GSTN) की वार्षिक रिपोर्ट 2024-25 सदन के पटल पर रखेंगे। इसके अलावा फरवरी-मार्च 2026 के विधानसभा सत्र के दौरान पूछे गए सवालों के अधूरे जवाबों का संकलन भी सदन में प्रस्तुत किया जाएगा।

ध्यानाकर्षण में उठेंगे ये मुद्दे

पहले दिन वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर और धर्मजीत सिंह प्रदेश की पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन में कथित लापरवाही का मुद्दा उठाते हुए संस्कृति मंत्री का ध्यान आकर्षित करेंगे। वहीं कांग्रेस विधायक ब्यास कश्यप जांजगीर जिला अस्पताल में परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि के वितरण में कथित गड़बड़ी का मामला सदन में उठाएंगे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment