रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित 3D फैक्ट्री में मंगलवार शाम जोरदार ब्लास्ट हो गया। इस दर्दनाक हादसे में 3 मजदूरों की मौत हो गई। धमाका इतना जबरदस्त था कि एक मजदूर का पैर कटकर करीब 10 फीट दूर जा गिरा। विस्फोट के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही उरला पुलिस, फायर ब्रिगेड और फैक्ट्री प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे में घायल कमल सिंह ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया, जबकि लाल सिंह और अरुण पांडे की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक कमल सिंह और लाल सिंह मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के रहने वाले थे, जबकि अरुण पांडे छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में पिग आयरन तैयार किया जाता है, जिससे वाहनों के पुर्जे बनाए जाते हैं।
आधा किलोमीटर दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज करीब आधा किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। ब्लास्ट के बाद फैक्ट्री में धुआं फैल गया। सूचना मिलते ही डीसीपी, एडीसीपी नॉर्थ, एसीपी समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीमों ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया। फिलहाल, ब्लास्ट किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है।







