रायपुर में जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) शासी परिषद की बैठक लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में करीब 37 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के लिए फंड आवंटन और विभिन्न जनहित योजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण विकास और सुरक्षा से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि DMF का प्रत्येक रुपया जिले के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और इसका उपयोग केवल जनहित के कार्यों में हो। उन्होंने अधिकारियों को सभी स्वीकृत परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
शिक्षा के क्षेत्र में ग्रामीण क्षेत्रों के आत्मानंद स्कूलों के लिए अतिथि शिक्षकों के वेतन मद में 8 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं सरकारी स्कूलों में आधुनिक शिक्षा व्यवस्था विकसित करने के लिए 5 करोड़ रुपये की लागत से स्मार्ट क्लास रूम तैयार किए जाएंगे।

पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 8.30 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। अधूरी पाइपलाइन परियोजनाओं को जल्द पूरा करने तथा गिरते भूजल स्तर को सुधारने के लिए वॉटर रिचार्ज कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
पर्यावरण संरक्षण के लिए निर्धारित 60 लाख रुपये की राशि बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये करने का निर्णय लिया गया। वहीं जिले की बंद और परित्यक्त खदानों की फेंसिंग एवं व्यवस्थितिकरण कर हादसों पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि बारिश के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं से लोगों और मवेशियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए 6 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके तहत जिले के प्रत्येक ब्लॉक में एम्बुलेंस उपलब्ध कराई जाएगी। मेडिकल कॉलेज में गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों की दवाइयों के लिए अलग से 50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों के 348 गांवों में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर प्लांट लगाने में सहयोग करने के निर्देश भी बैठक में दिए गए। साथ ही लंबित 14 हजार मामलों के शीघ्र निराकरण और अस्पतालों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भी DMF मद से राशि उपलब्ध कराने का सुझाव दिया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग के लिए 48 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अंतर्गत मॉडल महतारी सदन का निर्माण तथा आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार के लिए प्रति आंगनबाड़ी 15 लाख रुपये तक की राशि उपलब्ध कराई जाएगी। युवाओं के कौशल विकास और रोजगार सृजन के लिए 50 लाख रुपये तथा पशुपालन विभाग के लिए दवाइयों की खरीदी हेतु 5 लाख रुपये स्वीकृत किए गए।
बैठक के अंत में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि DMF का फंड क्षेत्र के संसाधनों से प्राप्त जनता की संपत्ति है और इसका एक-एक पैसा साफ पेयजल, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षित पर्यावरण जैसी बुनियादी सुविधाओं पर ही खर्च होना चाहिए।
बॉक्स: नवनियुक्त सदस्यों का स्वागत
बैठक में जिला खनिज संस्थान न्यास शासी परिषद के नवनियुक्त सदस्यों का स्वागत किया गया। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल, संजय ढ़ीढ़ी, राजेश बंछोर, सत्यम दुआ, संतोष तिवारी और भूपेंद्र सोनबेर को परिषद का सदस्य बनाए जाने पर बधाई देते हुए जनहित में सक्रिय भूमिका निभाने की शुभकामनाएं दीं।







