जगदलपुर। ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही गांजे की बड़ी खेप को बस्तर पुलिस ने छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर पकड़ लिया। धनपुंजी फॉरेस्ट नाका पर नगरनार थाना पुलिस ने एक संदिग्ध सफेद बोलेरो पिकअप को रोककर जांच की, जिसमें करीब 214.300 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.07 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो पिकअप, एक मोबाइल फोन और 700 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
मौके से पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी विजय पांडेय (34 वर्ष) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गांजे की यह खेप ओडिशा से सीधे उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी।
हालांकि, कार्रवाई के दौरान अंधेरा और तेज बारिश का फायदा उठाकर उसका साथी सोनू यादव मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
सीएसपी सुमीत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख)(ii)(ग) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।





