नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए शनिवार का दिन रोजगार का बड़ा अवसर लेकर आया है। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव और दुर्ग जिले में अलग-अलग प्लेसमेंट कैंप और रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है, जहां निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां 235 से अधिक रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर सीधे इंटरव्यू में शामिल हो सकते हैं।
राजनांदगांव में टाटा मोटर्स और डेल्फिंगन इंडिया में भर्ती
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), राजनांदगांव में शनिवार सुबह 9 बजे से प्लेसमेंट कैंप आयोजित होगा। इस कैंप में कैरियर-ट्री के माध्यम से टाटा मोटर्स (गुजरात) और डेल्फिंगन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (चेन्नई) के लिए विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।
भर्ती प्रक्रिया में शासकीय एवं निजी आईटीआई से उत्तीर्ण अभ्यर्थी, सत्र 2022-24 एवं 2023-24 के प्रशिक्षणरत विद्यार्थी, 12वीं पास तथा स्नातक महिला एवं पुरुष उम्मीदवार शामिल हो सकते हैं। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 32 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है।
उम्मीदवारों को 10वीं, 12वीं और आईटीआई की अंकसूची एवं प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो सहित सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे।
दुर्ग में रोजगार मेले के जरिए 235 पदों पर चयन
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, दुर्ग में शनिवार सुबह 10:30 बजे से रोजगार मेले का आयोजन होगा। मेले में टेक्नोटॉस्क बिजनेस सॉल्यूशन द्वारा 200 पदों और मुथूट माइक्रोफाइनेंस लिमिटेड द्वारा 35 पदों पर भर्ती की जाएगी। इस तरह कुल 235 रिक्त पदों पर चयन किया जाएगा।
इन पदों के लिए 10वीं, 12वीं तथा किसी भी विषय से स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार 8 हजार रुपये से 20 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा।
ये दस्तावेज साथ लाना जरूरी
रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्र, अंकसूची, आधार कार्ड या अन्य वैध पहचान पत्र, रोजगार कार्यालय का पंजीयन प्रमाणपत्र, छत्तीसगढ़ निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा सभी दस्तावेजों की छायाप्रति साथ लानी होगी।
भर्ती प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी Chhattisgarh Rozgar App, जिला रोजगार कार्यालय के सूचना पटल और आधिकारिक फेसबुक पेज पर उपलब्ध है।






