जगदलपुर।महापौर संजय पांडे ने जगदलपुर शहर में सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। उनके मार्गदर्शन में आज पं. सुंदरलाल शर्मा वार्ड में नगर निगम के नए कार्यालय भवन, निगम के वाहनों के लिए आधुनिक वर्कशॉप, सार्वजनिक उद्यान और 25-25 लाख रुपए की लागत से बनने वाले दो शेड के लिए जगह का निरीक्षण किया गया। इस दौरान एमआईसी सदस्य योगेंद्र पांडे और नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान सभी प्रस्तावित निर्माण कार्यों को लेकर तकनीकी और राजस्व से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
महापौर संजय पांडे ने कहा कि नए नगर निगम कार्यालय के लिए ऐसी जगह चुनी जाए, जहां भविष्य में लोगों को निगम की सभी सेवाएं एक ही जगह आसानी से मिल सकें। नया कार्यालय आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जिससे लोगों को बेहतर माहौल में काम कराने की सुविधा मिलेगी और निगम के कामकाज में भी तेजी आएगी।

नगर निगम के वाहनों और मशीनों के लिए बनने वाली नई वर्कशॉप को शहर की स्वच्छता व्यवस्था के लिए काफी जरूरी बताया गया। अभी कचरा गाड़ियों और अन्य निगम वाहनों के रखरखाव में कई दिक्कतें आती हैं। नई वर्कशॉप बनने से वाहनों की समय पर मरम्मत और नियमित देखभाल हो सकेगी। इससे वाहन लंबे समय तक बेहतर तरीके से चलेंगे और सफाई समेत अन्य सेवाओं में रुकावट नहीं आएगी।
वार्ड में बनने वाला सार्वजनिक उद्यान और दो नए शेड भी लोगों के लिए खास सुविधा साबित होंगे। उद्यान बनने से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को स्वच्छ, हरित और अच्छा वातावरण मिलेगा। वहीं शेड सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन में उपयोगी रहेंगे।

इन सभी निर्माण कार्यों से वार्ड की सुंदरता बढ़ेगी और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। महापौर संजय पांडे ने कहा कि शहरवासियों को ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं देना ही निगम का मुख्य उद्देश्य है। नया कार्यालय प्रशासन को मजबूत करेगा, वर्कशॉप से निगम के वाहनों का बेहतर रखरखाव होगा, उद्यान पर्यावरण संरक्षण में मदद करेगा और नए शेड सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देंगे।
उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर के हर वार्ड में जरूरत के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रहा है।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय निवासी रामनरेश पांडे, मनीष मूलचंदानी, डीके पाराशर, गौतम आचार्य, सोनू पांडे, नगर निगम के कार्यपालन अभियंता गोपाल भारद्वाज, इंजीनियर प्रवीण पोयाम, पटवारी सुरेश भदौरिया, राजस्व विभाग के कर्मचारी और अन्य नागरिक मौजूद रहे।





