महीने की शुरुआत में राहत: कमर्शियल LPG सिलेंडर 183 रुपये सस्ता

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

नई दिल्ली। जुलाई महीने की शुरुआत एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर लेकर आई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) ने 1 जुलाई 2026 से 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम में बड़ी कटौती की है। राजधानी दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 183 रुपये सस्ता हो गया है। हालांकि, 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में इस बार भी कोई बदलाव नहीं हुआ है।

नई कीमतों के मुताबिक, दिल्ली में 19 किलो का कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब 3,113 रुपये की जगह 2,930 रुपये में मिलेगा। वहीं, कोलकाता में इसकी कीमत 3,255.50 रुपये से घटकर 3,081.50 रुपये हो गई है।

2026 में पहली बार मिली राहत

इस साल कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे थे। जनवरी 2026 में इसकी कीमत करीब 1,691 रुपये थी, लेकिन इसके बाद लगभग हर महीने दाम बढ़ते गए। मई में सिलेंडर की कीमत पहली बार 3,000 रुपये के पार पहुंच गई थी और जून में भी 42 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। इसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत 3,113.50 रुपये तक पहुंच गई थी।

अब जुलाई की शुरुआत में तेल कंपनियों ने पहली बार कमर्शियल सिलेंडर के दाम घटाए हैं, जिससे होटल, रेस्तरां, ढाबों और दूसरे कारोबारियों को राहत मिलेगी।

घरेलू उपभोक्ताओं को अभी इंतजार

हालांकि, आम घरेलू उपभोक्ताओं के लिए इस बार भी कोई राहत नहीं है। 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह पहले की कीमत पर ही मिलेगा।

जानकारों का कहना है कि कमर्शियल सिलेंडर सस्ता होने से होटल, रेस्तरां और फूड इंडस्ट्री की लागत थोड़ी कम होगी। आने वाले समय में इसका फायदा आम ग्राहकों को भी मिल सकता है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment