बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के दाढ़ी थाना क्षेत्र के ग्राम घोरेघाट में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। पारिवारिक विवाद के चलते एक देवर ने अपनी सगी भाभी और भतीजी पर बांस के डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी जान ले ली। वारदात के बाद आरोपी गांव की ओर भाग निकला, लेकिन पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर कुछ ही घंटों में उसे गिरफ्तार कर लिया।
प्रत्यक्षदर्शी ने दी पुलिस को जानकारी
पुलिस के मुताबिक, घोरेघाट निवासी नंदकुमार गंधर्व ने इस दोहरे हत्याकांड की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 16 जून की शाम करीब 7 बजे वह दाढ़ी से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने खेलन आडिल के घर के सामने हेमलाल आडिल को अपनी भतीजी सकुंतला आडिल के साथ मारपीट करते देखा। आरोपी बांस के डंडे से लगातार हमला कर रहा था और उसने सकुंतला का सिर नाली के कीचड़ में दबा रखा था।
बचाने पहुंचे तो दी जान से मारने की धमकी
नंदकुमार ने जब शोर मचाकर बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपी डंडा लहराते हुए धमकी देने लगा। उसने कहा कि परिवार के लोग उससे रोज झगड़ा करते हैं और वह किसी को भी जिंदा नहीं छोड़ेगा। आरोपी ने यह भी कहा कि वह दो लोगों की हत्या कर चुका है और बाकी को भी मार देगा। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। वहीं पास में सकुंतला और उसकी मां कुमारी बाई आडिल (50) खून से लथपथ मृत हालत में पड़ी थीं।
कुछ ही घंटों में पुलिस ने दबोचा
घटना की सूचना मिलते ही दाढ़ी थाना पुलिस हरकत में आई और आरोपी हेमलाल आडिल को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने पारिवारिक विवाद के चलते हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा और अन्य अहम साक्ष्य भी बरामद कर लिए हैं।
पहले भी हत्या के मामले में जा चुका है जेल
पुलिस जांच में सामने आया कि हेमलाल आडिल पहले भी हत्या के एक मामले में वर्ष 2016 में जेल जा चुका था। अदालत ने उसे 10 साल की सजा सुनाई थी। वह करीब 8 साल जेल में रहने के बाद वर्ष 2024 में रिहा होकर गांव लौटा था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और 103(1) के तहत मामला दर्ज कर 17 जून 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।







