जिले के कलेक्टर कार्यालय परिसर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिला आबकारी कार्यालय के दो कर्मचारियों का ड्यूटी के दौरान कथित रूप से शराब का सेवन करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है और विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में जिला आबकारी कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 सुजीत पुरी गोस्वामी और मुख्य लिपिक वीरेंद्र सिंह यादव कार्यालय परिसर में शराब पीते नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह घटना कार्यालय समय के दौरान की है, जिससे सरकारी कर्मचारियों के आचरण और विभागीय अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही खैरागढ़ के बीईओ कार्यालय से कर्मचारियों के शराब सेवन का वीडियो सामने आया था। अब एक बार फिर सरकारी कार्यालय में शराबखोरी का मामला उजागर होने से प्रशासन की कार्यशैली चर्चा में आ गई है।
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है। फिलहाल समाचार लिखे जाने तक जिला प्रशासन या आबकारी विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।





