क्या BJP सरकार ने छात्रों की जान ली? NEET विवाद पर कांग्रेस का बड़ा हमला

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। 21 जून को होने वाली री-NEET परीक्षा से पहले कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए दावा किया है कि पेपर लीक और दोबारा परीक्षा के मानसिक दबाव के कारण अब तक 9 अभ्यर्थियों ने आत्महत्या कर ली है।

कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि अलवर की रेणु मीणा और देहरादून की रिया कुमारी थापा डॉक्टर बनने का सपना देख रही थीं, लेकिन NEET पेपर लीक और री-एग्जाम के दबाव के चलते उन्होंने आत्महत्या कर ली। पार्टी ने आरोप लगाया कि अब तक 9 परिवार अपने बच्चों को खो चुके हैं।

कांग्रेस द्वारा साझा की गई सूची में प्रदीप मेघवाल (राजस्थान), अंशिका पांडे (दिल्ली), ऋतिक मिश्रा (उत्तर प्रदेश), सिद्धार्थ हेगड़े (गोवा), भाग्यश्री (कर्नाटक), आकांक्षा चतुर्वेदी (मध्य प्रदेश), उमेश माली (राजस्थान), रेणु मीणा (राजस्थान) और रिया कुमारी थापा (उत्तराखंड) के नाम शामिल हैं।

कांग्रेस ने अपने बयान में कहा कि यह केवल आत्महत्या नहीं बल्कि एक “टूटी हुई और भ्रष्ट व्यवस्था” का परिणाम है। पार्टी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए केंद्र सरकार को इस स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराया।

वहीं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सीकर के उमेश और देहरादून की रिया की मौतें बेहद दुखद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार पेपर लीक, परीक्षा कुप्रबंधन और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ ने युवाओं को निराशा की ओर धकेला है। राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों के हितों की लड़ाई अब पूरे देश में उठाई जाएगी ताकि भविष्य में किसी छात्र को ऐसी परिस्थितियों का सामना न करना पड़े।

गौरतलब है कि NEET देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा है। इस वर्ष करीब 23 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। पेपर लीक के आरोपों और परीक्षा रद्द होने के बाद लाखों छात्रों को दोबारा परीक्षा की तैयारी करनी पड़ रही है, जिससे कई छात्रों में मानसिक तनाव और अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment