बलरामपुर:छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। वाड्रफनगर चौकी क्षेत्र के कोटराही जंगल में तीन युवकों ने 19 वर्षीय युवती के साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि युवती के साथ मौजूद उसके फुफेरे भाई को बंधक बनाकर उसके सामने ही इस घटना को अंजाम दिया गया।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, बसंतपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली 19 वर्षीय युवती रविवार दोपहर अपने फुफेरे भाई के साथ पैदल एक रिश्तेदार के घर जा रही थी। इसी दौरान कोटराही जंगल के पास बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया और धमकाकर दोनों को जंगल के अंदर ले गए।
जंगल में पहुंचते ही आरोपियों ने पहले युवक को काबू में लेकर उसके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद दोनों युवकों ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपियों ने फोन कर अपने एक और साथी को बुलाया, जिसने भी इस वारदात में शामिल होकर दुष्कर्म किया। घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित युवक और युवती किसी तरह वाड्रफनगर पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और कोटराही गांव से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस पीड़ित युवती और आरोपियों का मेडिकल परीक्षण करा रही है। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







