छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सड़क हादसे में घायल युवकों की मदद की। मंत्री ने न केवल अपना काफिला रुकवाया, बल्कि घायलों को तत्काल अपनी गाड़ी से मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाकर उनके इलाज की व्यवस्था भी कराई।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर अंबिकापुर रेलवे स्टेशन के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्कूटी और ऑटो रिक्शा के बीच टक्कर हो गई थी। हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़े कराह रहे थे। इसी दौरान रायपुर से अपने गृहग्राम बीरपुर (सूरजपुर) लौट रही मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का काफिला वहां से गुजर रहा था।
घटना को देखते ही मंत्री ने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। हादसे की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने बिना देर किए दोनों घायलों को अपने वाहन से मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया। साथ ही अस्पताल के चिकित्सकों को फोन कर घायलों के तत्काल और बेहतर उपचार के निर्देश भी दिए।
घायलों को अस्पताल भेजने के बाद मंत्री स्वयं दूसरे वाहन से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुईं। मंत्री की इस संवेदनशील पहल की स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि मंत्री ने अपने व्यवहार और तत्परता से मानवता की एक मिसाल पेश की है।




