रायगढ़।जिले में आर्थिक धोखाधड़ी के मामलों पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुसौर थाना पुलिस ने जमीन बेचने के नाम पर 27 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
5 जून को प्रार्थी इंद्रजीत वर्मा (50 वर्ष), निवासी ग्राम लिंजिर, थाना बरमकेला, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ ने पुसौर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी पहचान बचपन के परिचित भीचरण पटेल से थी, जो पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत है।
आरोपी भीचरण पटेल ने अपनी एक जमीन ग्राम कोडातराई, तहसील पुसौर, जिला रायगढ़ में बेचने की बात कही। जमीन का सौदा 35 लाख रुपये में तय हुआ था। इस दौरान प्रार्थी ने भरोसा करके आरोपी को 27 लाख रुपये एडवांस दे दिए और 100 रुपये के स्टाम्प पर लिखित समझौता भी किया गया।
आरोपी ने भरोसा दिलाने के लिए किसान किताब और अन्य दस्तावेज दिखाए और कहा कि नामांतरण के बाद रजिस्ट्री कर देगा। लेकिन बाद में वह लगातार बहाने बनाकर टालता रहा।
जब प्रार्थी ने तहसील से जानकारी ली तो पता चला कि जमीन को लेकर आरोपी के नाम कोई भी राजस्व प्रक्रिया लंबित नहीं है और जमीन किसी और के नाम पर दर्ज है। इसके बाद पीड़ित ने पैसे वापस मांगे।
आरोपी ने दबाव बढ़ने पर 5 लाख रुपये का एक चेक और 11-11 लाख रुपये के दो चेक दिए, लेकिन बैंक में सभी चेक बाउंस हो गए। इसके बाद भी वह पैसे लौटाने से बचता रहा।
जनवरी में उसने सिर्फ 1 लाख रुपये वापस किए, लेकिन बाकी रकम देने में लगातार टालमटोल करता रहा।
जांच में शिकायत सही पाए जाने पर पुसौर थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।





