अभनपुर में रेत माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा प्रहार

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

 अभनपुर क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत माफियाओं के इस्तेमाल वाले अस्थायी मार्ग को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। गोबरा नवापारा के ग्राम दुलना में पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमार कार्रवाई कर अवैध रेत परिवहन के लिए बनाए गए रास्ते को जेसीबी और चैन माउंटेन मशीन की मदद से तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, रायपुर और धमतरी जिले की सीमा से लगे क्षेत्र का फायदा उठाकर रेत तस्कर लंबे समय से अवैध उत्खनन और परिवहन में लगे हुए थे। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद रायपुर खनिज विभाग और गोबरा नवापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई को अंजाम दिया।

कार्रवाई के दौरान रेत परिवहन के लिए बनाए गए अस्थायी मार्ग को गहरे गड्ढे खोदकर पूरी तरह बाधित कर दिया गया, ताकि भविष्य में दोबारा अवैध परिवहन न हो सके। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से रात के अंधेरे में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन किया जा रहा था, जिससे नदी के प्राकृतिक स्वरूप और आसपास के पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा था।

प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment