खैरागढ़। छुईखदान थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक शीतल यादव ने आत्महत्या कर ली है। इस घटना से पूरे पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार तड़के खैरागढ़ शहर के दाऊचौरा स्थित उनके घर में उनका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। वे वार्ड क्रमांक 16 के दाऊचौरा इलाके में अपने परिवार के साथ रहते थे।
शुक्रवार रात परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरे में सोने चले गए थे, जबकि शीतल यादव घर के हॉल में थे। सुबह करीब 4 बजे उनकी पत्नी की नींद खुली तो उन्होंने उन्हें गमछे के सहारे फंदे पर लटका देखा। यह देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
आसपास के लोगों को बुलाया गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही खैरागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इसके बाद फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
फिलहाल घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों, सहकर्मियों और अन्य लोगों से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है।







