2 करोड़ रुपए कीमत का करीब 20 क्विंटल ‘हरा सोना’ यानी गांजा पुलिस ने जब्त किया है। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में की गई है, जहां तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, जयनगर थाना क्षेत्र के सिलफिली इलाके में पुलिस ने एक बस को रोककर जांच की। इसी दौरान बस से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। जब्त किए गए गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ रुपए बताई जा रही है। गांजे को कपड़ों की गठरियों में छिपाकर रखा गया था।
बताया जा रहा है कि नीलम ट्रांसपोर्ट की अंबिकापुर से मध्यप्रदेश जाने वाली बस के जरिए यह खेप भेजी जा रही थी। तस्करों ने गांजा छिपाने के लिए झाड़ू बेचने का बहाना बनाया था और उसी की आड़ में इसे कटनी की तरफ भेजा जा रहा था।
बस में झाड़ू बेचने वाले कुछ महिला और पुरुष यात्री भी सवार थे, जो पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गए। वहीं बस के ड्राइवर और हेल्पर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच में जुट गई है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। मामला जयनगर थाना क्षेत्र का है।
इस कार्रवाई के बाद यह साफ हुआ है कि तस्कर अब परिवहन के हर साधन का इस्तेमाल करने से नहीं चूक रहे हैं और किसी भी तरीके से नशे की खेप को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।






