छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्य सचिव और 1972 बैच के IAS अधिकारी बी.के.एस. रे का निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से प्रशासनिक और साहित्यिक जगत में शोक की लहर है। वे लंबे समय तक प्रशासनिक सेवा में सक्रिय रहे और रिटायरमेंट के बाद उन्होंने पूरी तरह लेखन को अपना काम बना लिया था।
बी.के.एस. रे का जन्म 1 जून 1949 को हुआ था। उन्होंने अपनी प्रशासनिक सेवा के दौरान कई अहम पदों पर काम किया। साल 2009 में छत्तीसगढ़ में अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद से रिटायर होने के बाद वे साहित्य लेखन में पूरी तरह जुट गए थे।
50 से ज्यादा किताबें लिखीं
बी.के.एस. रे ने अपने लेखन जीवन में 50 से अधिक किताबें लिखीं। उनके उपन्यास, कविता संग्रह, नाटक और समसामयिक विषयों पर लिखी गई किताबें काफी चर्चित रहीं। उनकी रचनाओं में प्रशासनिक अनुभव, सामाजिक मुद्दे और भ्रष्टाचार के खिलाफ विचार साफ झलकते थे।
उनकी प्रमुख किताबों में The Boy from Bhubaneswar, The Blind Horizon, The Turmoil और कविता संग्रह Something Goes Beyond Me शामिल हैं।

ग्रीस में मिला था अंतरराष्ट्रीय सम्मान
साहित्य में योगदान के लिए उन्हें 2019 में ग्रीस में ‘सुकरात अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया था। वे प्रशासनिक और नीतिगत मामलों पर भी अपनी राय रखते थे। उनके निधन पर प्रशासनिक अधिकारी, साहित्यकार और सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।





