आदिवासियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी से आक्रोश में समाज! थाने का घेराव

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ के धमतरी में आदिवासी समाज की संस्कृति और सम्मान को लेकर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद मामला गरमा गया है। इसके विरोध में सर्व आदिवासी समाज के लोगों ने सोमवार को कोतवाली थाने का घेराव किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष जीवराखन लाल मरेई ने बताया कि गरियाबंद जिले के अमलीपदर निवासी संस्कार सत्पथी नाम के युवक ने अपनी सोशल मीडिया आईडी से आदिवासी समाज की संस्कृति और सम्मान को लेकर कथित रूप से अभद्र टिप्पणी की है। इसको लेकर समाज में गहरी नाराजगी है।

समाज के लोगों का कहना है कि जब तक आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर एट्रोसिटी एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

विरोध प्रदर्शन के दौरान समाज के लोगों ने प्रदेश के आदिवासी मुख्यमंत्री से भी मामले में हस्तक्षेप कर दोषी पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

थाना घेराव के समय सर्व आदिवासी समाज ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा आदिवासियों को ‘वनवासी’ कहकर संबोधित किए जाने पर भी आपत्ति जताई। उनका कहना है कि आदिवासी देश के मूल निवासी हैं और उन्हें ‘वनवासी’ कहना उनकी पहचान को कमतर करने जैसा है।

इस मुद्दे को लेकर समाज के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम SDM को ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में आदिवासी समुदाय के लिए सम्मानजनक शब्दों के उपयोग की मांग की गई और गृह मंत्री से सार्वजनिक माफी की मांग भी उठाई गई।

समाज ने साफ कहा है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं होती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment