बेमेतरा। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत बेमेतरा में होने वाले सामूहिक विवाह कार्यक्रम को लेकर एक खास और चर्चा में रहने वाला फैसला सामने आया है। बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने तय किया है कि वे भी इसी योजना के तहत 24 अन्य जोड़ों के साथ विवाह के बंधन में बंधेंगे।
31 मई को बेमेतरा नगर के बेसिक स्कूल मैदान में यह सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में विधायक दीपेश साहू सहित कुल 24 जोड़े एक साथ वैदिक रीति-रिवाज और मंत्रोच्चार के बीच शादी के बंधन में बंधेंगे।
विधायक के इस फैसले की राजनीतिक और सामाजिक हलकों में जमकर चर्चा हो रही है और इसे एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में यह पहली बार होगा जब कोई मौजूदा विधायक सरकारी योजना के सामूहिक विवाह कार्यक्रम में खुद शामिल होकर विवाह करेगा।
जानकारी के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य शादियों में होने वाले अनावश्यक खर्च को कम करना, सादगी को बढ़ावा देना और सरकारी योजनाओं के प्रति लोगों का भरोसा मजबूत करना है।
विधायक दीपेश साहू का कहना है कि जब जनप्रतिनिधि खुद किसी योजना का हिस्सा बनते हैं, तभी उसका संदेश जनता तक सही तरीके से पहुंचता है और योजना को जमीन पर सफलता मिलती है।
इस आयोजन को भव्य बनाने के लिए जिला प्रशासन तैयारी में जुटा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और राज्य मंत्रिमंडल के कई मंत्री भी शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक संगठन और स्थानीय लोग भी मौजूद रहेंगे और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देंगे।






