नौकरी का झांसा देकर 35 युवतियों की तस्करी! कांकेर से झारखंड ले जाकर बनाया बंधक

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से मानव तस्करी का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रदेश की करीब 35 युवतियों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर झारखंड ले जाया गया, जहां उन्हें बंधक बनाकर जबरन काम कराया जा रहा था। इनमें दुर्गूकोंदल क्षेत्र की कई युवतियां भी शामिल बताई जा रही हैं।

मामले का खुलासा तब हुआ जब दुर्गूकोंदल की एक युवती ने गांव के एक युवक को गुप्त संदेश भेजकर मदद मांगी। युवती ने बताया कि सभी लड़कियों को नौकरी का लालच देकर झारखंड ले जाया गया और वहां उनकी आवाजाही पर रोक लगाकर जबरन रोका जा रहा है।

इसके बाद सोशल मीडिया पर युवतियों के वीडियो और मैसेज वायरल होने लगे, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। परिजन अपनी बेटियों की सुरक्षित वापसी की मांग कर रहे हैं और गांवों में भय व चिंता का माहौल बना हुआ है।

सामाजिक कार्यकर्ता ललित नरेटी की पहल पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया है। बताया जा रहा है कि झारखंड के गढ़वा प्रशासन और पुलिस से संपर्क किया गया है। गढ़वा पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच और तलाश अभियान शुरू कर दिया है।

सूत्रों के मुताबिक कई युवतियों से जबरन काम कराया जा रहा था। वहीं कांकेर कलेक्टर ने कहा है कि प्रशासन को मामले की जानकारी मिल चुकी है और संपर्क स्थापित होते ही विशेष टीम को झारखंड भेजा जाएगा।

इस घटना के बाद ग्रामीण और आदिवासी इलाकों में मानव तस्करी के बढ़ते मामलों को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने ऐसे गिरोहों पर सख्त कार्रवाई और युवतियों की जल्द सुरक्षित वापसी की मांग की है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment