बिलासपुर में ED की बड़ी कार्रवाई: सराफा कारोबारी के ठिकानों पर दबिश,

Madhya Bharat Desk
1 Min Read

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। दुर्ग के बाद अब बिलासपुर में भी ईडी की टीम ने बड़ी दबिश दी है। शहर के चर्चित सराफा कारोबारी विवेक अग्रवाल के घर और उनकी ज्वेलरी शॉप पर गुरुवार सुबह टीम पहुंची और दस्तावेजों की गहन जांच शुरू की।

जानकारी के मुताबिक, मध्यनगरी चौक स्थित ‘श्रीराम ज्वेलर्स’ में भी ईडी के अधिकारी जांच कर रहे हैं। इस कार्रवाई को कथित 2000 करोड़ रुपये के शराब घोटाले से जोड़कर देखा जा रहा है। विवेक अग्रवाल के भाई विकास अग्रवाल का नाम इस मामले में सामने आया है, जिसे घोटाले के आरोपी अनवर ढेबर का करीबी बताया जा रहा है। विकास अग्रवाल फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

इधर, इसी दिन सुबह ईडी की एक अन्य टीम ने दुर्ग में भाजपा नेता और अमर इंफ्रा के संचालक चतुर्भुज राठी के महेश कॉलोनी स्थित आवास पर भी छापा मारा। सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई भारतमाला परियोजना से जुड़े कथित जमीन घोटाले की जांच के सिलसिले में की जा रही है।

लगातार हो रही इन छापेमार कार्रवाइयों से प्रदेश में हड़कंप मचा हुआ है। ईडी की जांच आगे और बड़े खुलासे कर सकती है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment