रायपुर के सड्डू इलाके में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक प्लास्टिक फैक्ट्री में अचानक आग भड़क उठी। “कवल मल्टीलेयर प्लास्टिक फैक्ट्री” में लगी यह आग देखते ही देखते इतनी भयावह हो गई कि पूरा गोदाम इसकी चपेट में आ गया।
स्थानीय लोगों ने सबसे पहले धुएं का घना गुबार उठते देखा, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि कुछ ही मिनटों में हालात नियंत्रण से बाहर हो गए।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। अब तक पांच दमकल गाड़ियां आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी हैं, जबकि अतिरिक्त संसाधन भी लगातार भेजे जा रहे हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
हालांकि, आग लगने की असली वजह अभी सामने नहीं आई है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील सामग्री को संभावित कारण माना जा रहा है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
इस बीच, घटनास्थल पर कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों को फैक्ट्री परिसर में प्रवेश से रोक दिया गया। इतना ही नहीं, रिपोर्टिंग के दौरान कुछ पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार की भी खबर सामने आई है। वीडियो जर्नलिस्ट को कैमरा चलाने से रोकने की कोशिश की गई, जिससे मीडिया जगत में नाराजगी बढ़ गई है।
यह पूरा मामला विधानसभा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का सही आंकलन हो सकेगा।



