बिलासपुर। गरबा की वेशभूषा में सिगरेट पीने और पिस्टल जैसी वस्तु दिखाने वाले वायरल वीडियो के मामले में बिलासपुर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर को एक व्यक्ति ने सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि एक महिला और उसके कुछ महिला-पुरुष साथियों ने गरबा की वेशभूषा में सिगरेट पीते हुए और हाथ में पिस्टल जैसी वस्तु लेकर वीडियो बनाया था। इस वीडियो को गरबा टिकट और मेकअप के प्रचार के लिए इंस्टाग्राम और फेसबुक पर पोस्ट किया गया था।
शिकायतकर्ता ने आशंका जताई कि वीडियो में दिखाई गई गतिविधियां भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के खिलाफ हैं और इनका युवाओं पर गलत प्रभाव पड़ सकता है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
शिकायत और सामने आए वीडियो के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1390/2026 दर्ज किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 299 और 3(5) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है। इसके तहत उन्हें बाउंड ओवर कराने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
सोशल मीडिया इस्तेमाल करने वालों को चेतावनी
बिलासपुर पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया पर लाइक, व्यूज और प्रचार पाने के लिए धार्मिक प्रतीकों या सांस्कृतिक परंपराओं का आपत्तिजनक इस्तेमाल करना और हथियार जैसी वस्तुएं दिखाना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है।
पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने की अपील की है। साथ ही कहा है कि किसी भी आपत्तिजनक सामग्री को बिना जांचे-परखे आगे साझा करने से बचें।





