दुर्ग। जिले में स्वाइन फ्लू यानी इन्फ्लुएंजा A/H1N1 के मामले बढ़ते जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 4 नए मरीज मिलने के बाद जिले में अब तक H1N1 के कुल 17 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। ये आंकड़े 1 सितंबर तक के हैं।
फिलहाल जिले में 9 एक्टिव मरीज हैं। इनमें से 7 मरीजों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है, जबकि 2 मरीजों को डॉक्टरों की निगरानी में होम आइसोलेशन में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सभी एक्टिव मरीजों की हालत अभी सामान्य है।
17 में 9 मरीज एक्टिव
स्वास्थ्य विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, दुर्ग में अब तक H1N1 के 17 मरीज मिल चुके हैं। इनमें 9 मरीज फिलहाल एक्टिव हैं। 7 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं और 2 का घर पर इलाज चल रहा है। नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और बढ़ा दी है।
संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की कांटेक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। साथ ही पॉजिटिव मरीजों की नियमित निगरानी भी की जा रही है। अस्पतालों को भी नए मामलों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को देने के निर्देश दिए गए हैं।
बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा सावधानी की सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को खास सावधानी बरतने की सलाह दी है। कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों में इन्फ्लुएंजा संक्रमण ज्यादा गंभीर हो सकता है। इसलिए शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी गई है।
H1N1 के शुरुआती लक्षण सामान्य सर्दी-जुकाम और वायरल बुखार जैसे हो सकते हैं। बुखार, खांसी, गले में खराश, बदन दर्द और सर्दी जैसे लक्षण होने पर डॉक्टर से सलाह लेने की जरूरत है। अगर बुखार और खांसी के साथ सांस लेने में परेशानी हो, तो तुरंत चिकित्सकीय मदद लेनी चाहिए।
संक्रमण की कड़ी तोड़ने में जुटा विभाग
नए मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग संक्रमित लोगों के संपर्क में आए व्यक्तियों की जानकारी जुटा रहा है। उनकी भी निगरानी की जा रही है, ताकि संक्रमण फैलने की स्थिति में समय रहते कदम उठाए जा सकें।
H1N1 संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से निकलने वाली सांस की बूंदों के जरिए फैल सकता है। ऐसे में भीड़भाड़ और बंद जगहों पर सावधानी बरतना जरूरी है।






