CJP का CM विष्णुदेव साय को पत्र, स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पेंड्रावन और सेलूद में छात्रों ने स्कूल में शिक्षकों की कमी, सड़क और दूसरी जरूरी सुविधाओं को लेकर प्रदर्शन किया था। छात्रों के प्रदर्शन का वीडियो सामने आने के बाद काकरोच जनता पार्टी (CJP) के महेंद्र भारद्वाज ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, शिक्षा मंत्री और शिक्षा सचिव को पत्र लिखकर मामले की जानकारी दी है।

पत्र में उन्होंने पेंड्रावन स्कूल के साथ-साथ प्रदेश के दूसरे स्कूलों में भी सामने आ रही अनियमितताओं को जल्द दूर करने की मांग की है।

CJP ने रखी ये प्रमुख मांगें

CJP की ओर से मांग की गई है कि पेंड्रावन आत्मानंद स्कूल में छात्रों की मांग के अनुसार सभी 17 शिक्षकों की स्थायी पदस्थापना की जाए। शिक्षकों की कमी को केवल अटैचमेंट के जरिए पूरा करने के बजाय नियमित पदस्थापना की जाए और बच्चों की सभी मांगों को जल्द पूरा किया जाए।

इसके अलावा पार्टी ने मांग की है कि 10 दिन के भीतर प्रदेश के सभी स्कूलों में रिक्त शिक्षक पदों की पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाए। इसमें संभाग, जिला, स्कूल का नाम, रिक्त पद और विषयवार जानकारी शामिल हो। साथ ही सभी खाली पदों को भरने के लिए भर्ती योजना तैयार कर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए।

CJP ने यह भी कहा है कि वर्तमान में काम कर रहे अनियमित और संविदा शिक्षकों को सम्मानजनक बेसिक मानदेय दिया जाए, ताकि वे आर्थिक रूप से मजबूत होकर बेहतर तरीके से बच्चों को पढ़ा सकें और उन्हें अपनी मांगों के लिए आंदोलन करने की जरूरत न पड़े।

पार्टी ने सरकार से यह भी मांग की है कि शिक्षा सत्र शुरू होने से पहले ही प्रदेश के स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती और पदस्थापना पूरी कर ली जाए, ताकि सत्र के पहले दिन से ही पढ़ाई सुचारू रूप से शुरू हो सके।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment