FIR के लिए थाने के बाहर धरने पर राहुल गांधी, बोले- 20 दिन नहीं, 6 महीने बैठूंगा!

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

नई दिल्ली।कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे। वह जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान कथित पेलेट गन इस्तेमाल के मामले में कार्रवाई की जानकारी लेने पहुंचे थे। राहुल गांधी अपने साथ पेलेट गन से घायल हुए साहिल लोहबच को भी लेकर गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में अब तक FIR दर्ज नहीं की गई है।

पुलिस अधिकारियों से मुलाकात के बाद राहुल गांधी थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि अगर FIR दर्ज नहीं की गई तो वह 20 दिन, 30 दिन, 50 दिन या जरूरत पड़ी तो छह महीने तक भी थाने के बाहर बैठने को तैयार हैं। इसके बाद प्रियंका गांधी, अधीर रंजन चौधरी, सलमान खुर्शीद और जयराम रमेश समेत कई कांग्रेस नेता भी मौके पर पहुंच गए।

राहुल गांधी दिल्ली पुलिस की ज्वाइंट सीपी नूपुर प्रसाद से मिलने गए थे। उन्होंने कई शिकायतों पर कार्रवाई की मांग रखी। पुलिस की ओर से तत्काल फैसला नहीं लिए जाने के बाद राहुल गांधी बाहर आकर धरने पर बैठ गए।

कांग्रेस ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सवाल उठाया कि प्रदर्शनकारियों पर पेलेट गन चलाने का आदेश किसने दिया। पार्टी ने इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली पुलिस से जवाब मांगा।

पुलिस ने शिकायत लेने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है। साथ ही सुप्रीम कोर्ट की हाई पावर्ड कमेटी भी मामले की जांच कर रही है और उसकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

यह पूरा मामला 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प से जुड़ा है, जिसमें पेलेट गन के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया था। आंदोलन की शुरुआत शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर हुई थी और प्रधान के इस्तीफे के बाद 25 जुलाई को आंदोलन समाप्त हो गया था।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment