NEET विवाद पर दिल्ली में बवाल: राहुल गांधी को हिरासत में लिया गया

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। राजधानी दिल्ली में हुए प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को धरना स्थल से हटाते हुए हिरासत में ले लिया।

हिरासत में लिए गए नेताओं में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार समेत कई कांग्रेस नेता शामिल बताए जा रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी की नाक पर चोट लगने की भी खबर सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। सभी प्रदर्शनकारियों को पुलिस बसों में बैठाकर मॉडल टाउन पुलिस थाने ले जाया गया।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि NEET परीक्षा प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं और इससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। पार्टी ने केंद्र सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, छात्रों पर दर्ज FIR वापस लेने और जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।

राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि “यह सिर्फ परीक्षा का नहीं, देश के लाखों छात्रों के भविष्य का सवाल है।” उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे को संसद से लेकर सड़क तक उठाएगा और छात्रों की आवाज दबने नहीं देगा।

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से छात्रों से माफी मांगने की मांग करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग की। कांग्रेस का कहना है कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता, तब तक उसका आंदोलन जारी रहेगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment